Thursday, January 8, 2026

प्रेम प्रसंग बना मौत की वजह, युवक की बेरहमी से पिटाई के बाद मौत।

हिम न्यूज़ टुडे

हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू और मंडी की सीमा पर स्थित गाड़ागुशैणी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। प्रेमिका से मिलने आए एक युवक की कुछ लोगों ने बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

चंडीगढ़ से टैक्सी में आया था युवक
जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान दीपक कुमार झा (21) निवासी बिहार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीपक बुधवार को अपनी कथित प्रेमिका से मिलने के लिए चंडीगढ़ से हरियाणा नंबर की टैक्सी लेकर हिमाचल प्रदेश पहुंचा था। इसी दौरान वह कुल्लू जिला के बंजार क्षेत्र के जिभी के पास पहुंचा, जहां कुछ लोगों ने उसे घेर लिया।

जिभी के पास बेरहमी से की गई पिटाई
आरोप है कि आरोपियों ने युवक के साथ जमकर मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट के बाद युवक की हालत बिगड़ती चली गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे देर रात जिला अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया।जिला अस्पताल कुल्लू में डॉक्टरों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

एसपी कुल्लू का बयान
पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि युवक की मौत मारपीट के बाद हुई है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है मामला
प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी।

एक मोबाइल… और बुझ गई मासूम ज़िंदगी, बिलासपुर की घटना समाज के लिए चेतावनी

एक मोबाइल… और बुझ गई मासूम ज़िंदगी, बिलासपुर की घटना समाज के लिए चेतावनी Himnews Today कभी-कभी छोटी सी जिद और पल भर का गुस्सा एक परिवार की प...